बिहार में बंटे मंत्रीपद, JDU के पास गृह विभाग, BJP को मिला वित्त

bookdhara
By
3 Min Read

बिहार में नई सरकार के गठन के बाद आज मंत्रियों को उनके विभाग सौपं दिये गये। मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने अपने पास गृह, सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय रखा है जबकि बिहार भाजपा को वित्त एवं वाणिज्य कर, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, सूचना प्रौद्योगिकी, आपदा प्रबंधन और नगर विकास एवं आवास जैसे अहम विभाग मिले।

राज्यपाल फागू चौहान ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सलाह पर उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों को विभागों का कार्य आवंटित कर दिया है। कल ही नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ मंत्रिमंडल के 14 सदस्यों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी।

बिहार मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने गृह, सामान्य प्रशासन, मंत्रिमंडल सचिवालय, निगरानी, निर्वाचन तथा ऐसे विभाग जो किसी अन्य को आवंटित नहीं किए गए हैं अपने पास रखे हैं। इसके साथ ही उनके मंत्रिमंडल में उप मुख्यमंत्री भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तार किशोर प्रसाद को वित्त एवं वाणिज्य कर, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, सूचना प्रौद्योगिकी, आपदा प्रबंधन और नगर विकास एवं आवास तथा एक अन्य उप मुख्यमंत्री भाजपा की रेणु देवी को पंचायती राज, पिछड़ा एवं अतिपिछड़ा वर्ग कल्याण और उद्योग विभाग की जिम्मेवारी दी गई है।

ALSO READ : सगे भांजे की हत्या करने वाले कलयुगी मामा को पुलिस ने गिरफ्तार कर भेजा जेल

इसी तरह बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के विजय कुमार चौधरी को संसदीय कार्य, सूचना एवं जनसंपर्क, ग्रामीण कार्य, ग्रामीण विकास और जल संसाधन, बिजेंद्र प्रसाद यादव को ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन और खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, अशोक चौधरी को भवन निर्माण, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अल्पसंख्यक कल्याण और समाज कल्‍याण विभाग, मेवालाल चौधरी को शिक्षा, शीला कुमारी को परिवहन, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के संतोष कुमार सुमन को लघु जल संसाधन और अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्‍याण, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी को पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग सौंपा गया है ।

वहीं, बिहार भाजपा के मंगल पांडेय को एक बार फिर स्वास्थ्य विभाग का जिम्मा मिला है। इसके अतिरिक्त उन्हें पथ निर्माण और कला एवं संस्‍कृति विभाग की भी जिम्मेदारी दी गई है। भाजपा के अमरेंद्र प्रताप सिंह को कृषि, सहकारिता और गन्‍ना उद्योग, रामप्रीत पासवान को लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण, जिवेश कुमार को पर्यटन, श्रम संसाधन और खनन एवं भूतत्व तथा रामसूरत राय को राजस्व एवं भूमि सुधार और विधि विभाग आवंटित किया गया है ।

वार्ता

TAGGED:
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *