संसद का शीतकालीन सत्र 2022 में नये भवन में होगा

bookdhara
By
3 Min Read

नई दिल्ली। संसद के नये भवन का शिलान्यास अगले माह होने और स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ के बाद 2022 का शीतकालीन सत्र का आयोजन नये भवन में होने की संभावना है।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज यहां संवाददाताओं से कहा कि संसद के नये भवन के लिए काम चालू हो चुका है। निर्माण कार्य में इस बात का पूरा ध्यान रखा जाएगा कि वायु एवं ध्वनि प्रदूषण ना हो और ना ही वर्तमान भवन में संसद की कार्यवाही या प्रशासनिक कामकाज बाधित हो।

उन्होंने कहा कि अक्टूबर 2022 तक यह नया संसद भवन बन कर तैयार हो जाएगा और आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर संसद का सत्र नये भवन से चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही शिलान्यास का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि शिलान्यास दिसंबर में ही हो जाएगा।

ये भी पढ़ें- जानें, क्यों ध्वस्त होगा 125 करोड़ की लागत से बना सैन्य स्टेशन

ओम बिरला ने कहा कि मौजूदा संसद भवन को संसदीय समारोहों के आयोजन के लिए अधिक उपयोगी स्थान की व्यवस्था के लिए उपयुक्त सुविधाओं से लैस किया जाएगा ताकि नए भवन के साथ ही इस भवन का सदुपयोग भी सुनिश्चित हो सके।

लोकसभा सचिवालय के अधिकारियों के अनुसार नए भवन में संसद सदस्यों के लिए अलग कार्यालय होंगे। नए भवन में संसद सदस्यों के लिए एक लाउंज, लाइब्रेरी, छह समिति कक्ष और डाइनिंग (भोजन) कक्ष भी होंगे। सदस्यों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली अन्य सुविधाओं में कक्षों में प्रत्येक संसद सदस्य की सीट अधिक आरामदेह होगी और उसमें डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होंगी जो पेपरलेस कार्यालय की दिशा में एक अग्रणी कदम होगा ।

लोक सभा और राज्य सभा कक्षों के अलावा नए भवन में एक भव्य संविधान कक्ष होगा जिसमें भारत की लोकतांत्रिक विरासत दर्शाने के लिए अन्य वस्तुओं के साथ-साथ संविधान की मूल प्रति, डिजिटल डिस्पले आदि होंगे। इस बैठक के दौरान यह जानकारी दी गई कि आगंतुकों को इस हाल में जाने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि वे संसदीय लोकतंत्र के रूप में भारत की यात्रा के बारे में जान सकें ।

ये भी पढ़ें- फ्रांस में कोरोना का कहर, एक दिन में आये रिकॉर्ड 26771 नए मामले

नए भवन के निर्माण कार्य की निगरानी के लिए एक निगरानी समिति का गठन किया जाएगा। इस निगरानी समिति में अन्य व्यक्तियों के साथ साथ लोकसभा सचिवालय, आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय, केन्द्रीय लोक निर्माण विभाग, नयी दिल्ली नगरपालिक परिषद के अधिकारी और परियोजना के आर्किटेक्ट/ डिजाइनर भी शामिल होंगे।

इन्पुट- यूनीवार्ता

TAGGED:
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *