रेलवे की ‘ बैग्स ऑन व्हील्स ‘ सेवा शुरू, यात्रियों के लिये आसान होगा स्टेशन तक सामान लाना-ले जाना

bookdhara
By
2 Min Read

भारतीय रेलवे के उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल ने रेल यात्रियों की सहूलियत के लिये बैग्स ऑन व्हील्स सेवा (बीओडब्ल्यू) की शुरुआत की है। मोबाइल फोन ऐप आधारित इस सेवा के तहत ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों को घर से कोच तक सामान लाने तथा कोच से घर तक सामान पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी।

इसके लिये दिल्ली रेल मंडल की ओर से एक निजी कंपनी को ठेका दिया है। शुरुआत में यह सेवा नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली), हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली छावनी, दिल्ली सराय रोहिल्ला, गाजियाबाद तथा गुडगांव रेलवे स्टेशनों से ट्रेन में बैठने वाले यात्रियों के लिये उपलब्ध होगी। ट्रेन के प्रस्थान से पहले सामान की डिलिवरी सुनिश्चित करना इस सेवा की खासियत बताया गया है।
उत्तर एवं उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक राजीव चौधरी ने यहां गुरुवार को कहा ” रेलवे लगातार नये उपायों से अपने राजस्व को बढ़ाने का प्रयास कर रहा है। इस दिशा में कार्य करते हुये दिल्ली रेल मंडल ने गैर किराया राजस्व अर्जन योजना के अंतर्गत ऐप आधारित ‘ बैग्स ऑन व्हील्स सेवा ‘ के लिये ठेका देकर मील का पत्थर स्थापित किया है। रेलवे के इतिहास में यात्रियों के लिये यह अपनी तरह की पहली सेवा होगी। ”

श्री चौधरी ने बताया ” बीओडब्ल्यू ऐप के जरिए यात्री सामान को अपने घर से रेलवे स्टेशन तक लाने तथा रेलवे स्टेशन से घर तक पहुंचाने के लिये आवेदन कर सकते हैं। उनके बुकिंग विवरण के अनुसार उनका सामान सुरक्षित तरीके से कोच/घर तक पहुंचाने का काम ठेकेदार द्वारा किया जायेगा, जिसके लिये यात्रियों से केवल मामूली शुल्क लिया जायेगा। यह सेवा यात्रियों, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और अकेले यात्रा करने वाली महिला यात्रियों के लिये बहुत ही लाभदायक साबित होगी। इस सेवा से रेलवे को सालाना 50 लाख रुपये के गैर किराया राजस्व की प्राप्ति के साथ-साथ एक वर्ष की अवधि के लिये 10 प्रतिशत की हिस्सेदारी भी प्राप्त होगी। ”

वार्ता

TAGGED:
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *