भाजपा के लिए सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगी केजरीवाल की गिरफ्तारी — आम आदमी पार्टी

bookdhara
By
5 Min Read

अन्ना के आंदोलन से निकलकर दिल्ली के मुख्यमंत्री की कुर्सी तक और दिल्ली के मुख्यमंत्री से ईडी की हिरासत तक का सफर तय करने वाले अरविंद केजरीवाल के समर्थन में आज पूरी दिल्ली में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन जारी है।

इस प्रदर्शन के दौरान दिल्ली की कैबिनेट मंत्री आतिशी, सौरभ भारद्वाज और अन्य ने सुबह 11 बजे के आसपास भाजपा मुख्यालय की ओर बढ़ने की कोशिश की, उन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर बस में बैठा लिया।

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के सैकड़ों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ सड़कों पर विरोध प्रदर्शन किया और इस दौरान ‘अरविंद तुम संघर्ष करो, हम तुम्हारे साथ हैं’ के नारे भी लगाए गए।

शराब नीति मामले में घोटले के आरोप में गिरफ्तार हुए केजरीवाल

इससे पहले बृहस्पतिवार को दिल्ली की बहुचर्चित दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के लगातार तीसरी बार के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को को गिरफ्तार कर लिया।

भाजपा कार्यालय घेराव की तैयारी

अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ताओं और नेताओं ने भाजपा कार्यालय के घेराव का एलान किया था। भाजपा मुख्यालय तक प्रदर्शनकारियों को आने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस द्वारा कई स्तरों पर अवरोधक लगाए गए और बड़ी संख्या में सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया गया। मध्य दिल्ली में राउज एवेन्यू मार्ग पर आप मुख्यालय के बाहर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का जमावड़ा रहा।

कई प्रदर्शनकारी सुबह करीब साढ़े बजे भाजपा कार्यालय की ओर कूच करने के लिए दीन दयाल उपाध्याय (डीडीयू) मार्ग पर इकट्ठा हुए, जहां पुलिस ने उन्हें बसों बैठा लिया। कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए अर्धसैनिक बल के जवानों भी तैनात किए गए हैं।

पुलिस ने जब आप कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेने की कोशिशों की तो कई सड़क पर भी लेट गए। कई प्रदर्शनकारी केजरीवाल की तस्वीर लिये हुए थे।

दिल्ली में अघोषित आपातकाल जैसे हालात

विरोध प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी ने कहा कि देश में ‘‘अघोषित आपातकाल जैसी स्थिति’’ पैदा हो गई है और भाजपा नेताओं को जेल भेजकर या उन्हें डरा-धमका कर अपने साथ शामिल कर विपक्षी दलों को खत्म करने की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही पार्टी ने दावा किया कि केजरीवाल की गिरफ्तारी भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक गलती साबित होगी।

दिल्ली विधानसभा में ‘आप’ के मुख्य सचेतक दिलीप पांडे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सबसे बड़ी राजनीतिक गलती साबित होगी और दिल्ली तथा देश की जनता लोकसभा चुनाव में इसका करारा जवाब देगी।

पुलिस के अनुसार अब तक 50 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है और मध्य दिल्ली से दूर स्थित विभिन्न पुलिस थानों में ले जाया गया है।

जेल से चलेगी दिल्ली सरकार

आम आदमी पार्टी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता अनुराग ठाकुर ने कहा कि आप नेता कह रहे हैं कि केजरीवाल जेल से सरकार चलाएंगे।

ठाकुर ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ यह दिल्ली की जनता, कानून और लोकतंत्र का अपमान है। ईडी ने नौ बार समन दिया था, लेकिन वह (केजरीवाल) एजेंसी के सामने पेश नहीं हुए। जांच में शामिल न होने की उनकी क्या मजबूरी थी?’’

भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि केजरीवाल की गिरफ्तारी ने लोकतंत्र के लिए गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि वह भारत के इतिहास में पहले मुख्यमंत्री बन गए हैं जिन्होंने गिरफ्तार होने के बावजूद पद नहीं छोड़ा है।

दिल्ली पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने ‘एक्स’ पर यातायात परामर्श जारी किया। इसमें कहा गया, ‘‘डीडीयू मार्ग पर राजनीतिक दल के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर, आईपी मार्ग, विकास मार्ग, मिंटो रोड और बहादुर शाह जफर मार्ग पर यातायात जाम रहेगा। वहीं, डीडीयू मार्ग को यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। कृपया इन सड़कों पर यात्रा करने से बचें और तदनुसार अन्य वैकल्पिक मार्ग पर यात्रा करें।’’

Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *