होशियारपुर दुष्कर्म की घटना पर कांग्रेस की चुप्पी दुखद:सीतारमण

bookdhara
By
3 Min Read

नयी दिल्ली | भारतीय जनता पार्टी ( भाजपा ) ने पंजाब के होशियारपुर में छह साल की एक बच्ची से दुष्कर्म की घटना की निंदा करते हुए कहा है कि इस घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी की चुप्पी दुखद है।

भाजपा की वरिष्ठ नेता एवं केन्द्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, “होशियारपुर में बिहार के प्रवासी खेतिहर मज़दूर की छह साल की बेटी के साथ दुष्कर्म करके उसे मार डाला गया और लाश को जलाने की कोशिश की गई। इस शर्मनाक घटना पर कांग्रेस की चुप्पी दुखद है।दुष्कर्म जैसी घटनाओं को राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा हम सबकी प्राथमिकता है।“

श्रीमती सीतारमण ने कहा कि “मैं कांग्रेस पार्टी से पूछना चाहती हूं कि जहां कांग्रेस की सरकार नहीं होती है वहां आप गाड़ी में बैठकर पिकनिक में जाने जैसा विरोध दर्ज कराते हैं लेकिन होशियारपुर के लिए कुछ नहीं कहते ।“ उन्होंने कहा कि हर मुद्दे पर ट्वीट करने वाले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर ढाई दिन बीत जाने के बाद भी कोई ट्वीट नहीं किया।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा, “राहुल गांधी बिहार में राष्ट्रीय जनता दल ( राजद ) के नेता तेजस्वी यादव के साथ शुक्रवार को बिहार चुनाव प्रचार में गए लेकिन बिहार की बेटी के साथ दुष्कर्म की घटना पर कुछ नहीं बोले। राजस्थान जैसे कांग्रेस शासित प्रदेशों में उनको दुष्कर्म की घटना नहीं दिखाई देती। जबकि हाथरस के लिए सब कांग्रेस नेता इकट्ठे हो जाते हैं। कांग्रेस महिला सुरक्षा के विषय में राजनीति करके अस्तित्व ढूंढ रही है जो दुखद है।“

उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और उनके भाई के ऊपर 2008 में दिल्ली में छे़ड़छाड़ के आरोप लगे थे। राजद के शासनकाल में वरिष्ठ अधिकारियों की पत्नियों के साथ दुष्कर्म की कई घटनाएं हुई थीं इसलिए राजद इन घटनाओं पर कुछ नहीं कहती।

श्रीमती सीतारमण ने कहा कि भाजपा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी और समय पर न्याय दिलवाने को सुनिश्चित करेगी।

पंजाब के होशियारपुर में छह साल की एक बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद उसे जलाकर मार डालने की घटना हुई। बच्ची बिहार के प्रवासी मज़दूर की बेटी है।

वार्ता

TAGGED:
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *